रविवार, 26 जुलाई 2026

लखनऊ : मौत के बाद भी जिंदा बना किसान,करोड़ों की जमीन पर पड़ा डाका,आठ पर केस दर्ज।||Lucknow:Farmer 'alive' even after death; land worth crores usurped; case registered against eight individuals.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
मौत के बाद भी जिंदा बना किसान,करोड़ों की जमीन पर  पड़ा डाका,आठ पर केस दर्ज।
राजस्व रिकार्ड से रची गई गई करोड़ों की साजिश, मृतक किसान के नाम पर हुआ खेल।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के तहसील मोहनलालगंज क्षेत्र में करोड़ों रुपये मूल्य की कृषि भूमि की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कई दशक पहले मृत हो चुके किसान के नाम पर एक फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन की रजिस्ट्री करा दी गई। डीसीपी दक्षिणी के आदेश पर कोतवाली मोहनलालगंज पुलिस ने फर्जी किसान समेत आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी गांव निवासी आशीष कुमार गुप्ता ने डीसीपी दक्षिणी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव स्थित गाटा संख्या 35, 73, 75, 197, 400, 408, 376, 814, 1046क, 1123, 1272 तथा 377/2279 की कृषि भूमि, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है, राजस्व अभिलेखों में सुरेश कुमार पुत्र श्रीकृष्ण के नाम दर्ज है। शिकायत के अनुसार सुरेश कुमार की कई दशक पहले मृत्यु हो चुकी है।
आरोप है कि भूमि पर कब्जा करने की नीयत से जालसाजों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मृतक के नाम पर एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा किया और उसी के आधार पर 20 नवंबर 2024 को गाटा संख्या 35 की 0.329 हेक्टेयर भूमि की रजिस्ट्री सन्नो खान के नाम करा दी। इसके बाद 27 फरवरी 2026 को गाटा संख्या 400, 408 और 1046क की कुल 0.341 हेक्टेयर भूमि की दूसरी रजिस्ट्री अमन जायसवाल के नाम करा दी गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पूरी साजिश का संचालन राजेश जायसवाल ने किया और पहली रजिस्ट्री सन्नो खान तथा दूसरी अपने पुत्र अमन जायसवाल के नाम कराई। दोनों रजिस्ट्रियों में वीरेन्द्र वर्मा, सुनील कुमार, वासु शुक्ला तथा मोहम्मद इजहार खान को गवाह बनाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन डीसीपी दक्षिणी ने जांच एसीपी मोहनलालगंज को सौंपी। एसीपी आर.के. सिंह ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट डीसीपी को भेजी, जिसमें कार्रवाई की संस्तुति की गई। इसके बाद डीसीपी मो. मुश्ताक के निर्देश पर मोहनलालगंज पुलिस ने फर्जी किसान समेत आठ आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
मोहनलालगंज इस्पेक्टर का कहना है कि मिली तहरीर की जांचोपरांत मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन शुरु कर दी है आगे विवेचना के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।