लखनऊ :
रास्ते के विवाद ने ली मजदूर की जान, लाठी-डंडों से पीटकर हत्या; चार आरोपी हिरासत में,पुलिस जांच में जुटी।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के उम्मेदखेड़ा गांव में रास्ते के पुराने विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शुक्रवार शाम मजदूरी कर घर लौट रहे एक 40 वर्षीय मजदूर पर पड़ोसियों ने कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
विस्तार :
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उम्मेदखेड़ा गांव निवासी महेश (40) शुक्रवार शाम काम से लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी राजन, शिवा, अज्जू और शिवम ने उन्हें रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे रास्ते के विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि चारों ने मिलकर महेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महेश को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मिली तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर मामले में आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। विवाद के कारणों सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
