नई दिल्ली/नोएडा मीडिया क्लब अध्यक्ष आलोक द्विवेदी को राष्ट्रीय सम्मान, पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला 'राइजिंग भारत आइकन अवॉर्ड 2026'
दो टूक//नई दिल्ली/नोएडा।
देश के सबसे बड़े मीडिया हब नोएडा के प्रमुख पत्रकार संगठन नोएडा मीडिया क्लब (NMC) के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, निष्पक्ष और जनपक्षीय पत्रकारिता के प्रति समर्पण तथा पत्रकार समाज के हितों के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के सम्मान स्वरूप प्रतिष्ठित 'राइजिंग भारत आइकन अवॉर्ड 2026' से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी ने उन्हें अवॉर्ड ट्रॉफी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी ने कहा कि आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में नोएडा मीडिया क्लब पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ पत्रकारों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए भी सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को सशक्त बनाने में ऐसे संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और नोएडा मीडिया क्लब इस जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहा है।
सम्मान समारोह में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, वरिष्ठ पत्रकार विश्वेंद्र कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने आलोक द्विवेदी के नेतृत्व, संगठन क्षमता और पत्रकार हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की मुक्तकंठ से सराहना की।
नोएडा मीडिया क्लब आज नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के पत्रकारों का सबसे बड़ा और प्रभावशाली प्रतिनिधि संगठन माना जाता है। आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में क्लब ने पत्रकारों और उनके परिवारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं, बच्चों की शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और आपातकालीन सहायता जैसे अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय पहल की है। संगठन पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, उनके सम्मान और उनके पेशेवर हितों के लिए भी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
आलोक द्विवेदी ने अपने नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और संगठनात्मक क्षमता से नोएडा मीडिया क्लब को नई पहचान दिलाई है। निष्पक्षता, पारदर्शिता और पत्रकारों के हितों की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने क्लब की विश्वसनीयता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में क्लब लगातार पत्रकारों की आवाज़ को मजबूती से उठाते हुए समाज और मीडिया जगत के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आलोक द्विवेदी ने कहा कि केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी के हाथों यह सम्मान प्राप्त करना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा, "यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि नोएडा मीडिया क्लब के प्रत्येक सदस्य और पूरे पत्रकार परिवार का सम्मान है। हमारा संकल्प आगे भी पत्रकार साथियों के अधिकारों, उनके कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ कार्य करते रहने का रहेगा।"
आलोक द्विवेदी को 'राइजिंग भारत आइकन अवॉर्ड 2026' मिलने पर नोएडा मीडिया क्लब के पदाधिकारियों, वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पत्रकार जगत ने इस सम्मान को नोएडा मीडिया क्लब की बढ़ती प्रतिष्ठा, विश्वसनीयता और पत्रकार हितों के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान बताया है।।
