शनिवार, 4 जुलाई 2026

लखनऊ :सरकारी बंजर भूमि पर अवैध मिट्टी खनन करने वालो पर मुकदमा दर्ज ||Lucknow:A case has been filed against those involved in illegal mining of soil on government wasteland.||

शेयर करें:
लखनऊ :
सरकारी बंजर भूमि पर अवैध मिट्टी खनन करने वालो पर मुकदमा दर्ज ।
●सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद एसडीएम के निर्देश पर हुई जांच, राजस्व टीम ने अवैध खनन की पुष्टि की है।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील अन्तर्गत निगोहां थाना क्षेत्र के अमिलिहाखेड़ा गांव में सरकारी बंजर भूमि से अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने के मामले में जांच के बाद पुलिस ने एक नामजद समेत अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। राजस्व विभाग की जांच में सरकारी भूमि से अवैध खनन की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, अमिलिहाखेड़ा गांव स्थित सरकारी बंजर भूमि से रात के अंधेरे में लाखों रुपये की मिट्टी का अवैध खनन कर उसे बेचे जाने का मामला शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामला संज्ञान में आने पर एसडीएम पवन पटेल ने नायब तहसीलदार को राजस्व टीम के साथ मौके पर भेजकर जांच कराने और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
राजस्व टीम द्वारा मौके पर की गई जांच में सरकारी भूमि से अवैध मिट्टी खनन की पुष्टि हुई। इसके बाद क्षेत्रीय लेखपाल अंकिता सिंह ने अवैध खनन के आरोप में अर्पित मिश्रा समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निगोहां थाने में तहरीर दी।
थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि लेखपाल की तहरीर के आधार पर एक नामजद तथा अन्य अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य आरोपितों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।