गौतमबुद्धनगर: किसानों और मजदूरों की एकता से ही शोषण का होगा अंत, संगठन की मजबूती ही सबसे बड़ी ताकत: बीसी प्रधान
दो टूक//नोएडा। गांव बरौला में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के विस्तार, किसानों-मजदूरों के अधिकारों और नए सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता हाजी मुन्त्याज अहमद ने की, जबकि संचालन संगठन के परिवहन मंत्री ओमप्रकाश गुर्जर ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि संगठन हमेशा किसानों, मजदूरों और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती और ईमानदारी से लड़ता आया है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकजुटता होती है। जब तक किसान और मजदूर संगठित नहीं होंगे, तब तक विभिन्न विभागों और सरकारों द्वारा उनका शोषण होता रहेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने और किसानों की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) का उद्देश्य केवल आंदोलन करना नहीं, बल्कि किसानों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाना तथा उनके अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि संगठन की पारदर्शी कार्यशैली और जनहित के प्रति समर्पण के कारण लगातार लोगों का विश्वास बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा संगठन से जुड़ रहे हैं।
बैठक के दौरान संगठन की कार्यशैली और जनसेवा से प्रभावित होकर दर्जनों लोगों ने भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर संगठन विस्तार के तहत कई पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। हरेन्द्र सिंह को पदोन्नत कर जिला उपाध्यक्ष, रामवीर तंवर को ग्राम अध्यक्ष, धर्मराज एवं दिनेश कसाना को जिला सचिव, महेश बैसोया को महानगर सचिव, सुनील बैसोया को महानगर कोषाध्यक्ष तथा अमरपाल, निखिल, अजय नागर, अंकुर कश्यप, हाजी मुन्त्याज, सोनू कुमार और गौरव बैसोया सहित कई कार्यकर्ताओं को विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने, किसानों और मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में डॉ. रोहतास, महानगर अध्यक्ष महेश तंवर, डॉ. डीपी सिंह, युवा महानगर अध्यक्ष राजकुमार मोनू, मनोज शर्मा, प्रमोद प्रजापति, विजयपाल भाटी, सतपाल बैसोया, नरेश शर्मा, नीरज कैन, अरविंद गौतम, प्रवीण, पीयूष, गुलशन, ऋषभ सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।।
