रविवार, 28 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, 50 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद; तैयारियां अंतिम चरण में!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, 50 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद; तैयारियां अंतिम चरण में!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। श्री रत्न क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर-121 में आयोजित होने वाले 17वें वार्षिक श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में श्री जगन्नाथ समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष रथ यात्रा को पहले से अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और दिव्य स्वरूप दिया जा रहा है। आयोजन में दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न राज्यों से करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

समिति के अध्यक्ष प्रमोद बहल ने बताया कि यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक समरसता का प्रतीक बन चुका है। रथ यात्रा में ओडिया समाज के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन एवं पूजन करेंगे।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर का व्यापक सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। रंग-रोगन, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं के माध्यम से पूरे परिसर को आकर्षक एवं भव्य रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को दिव्य वातावरण का अनुभव हो सके।

प्रेस वार्ता में रथ यात्रा महोत्सव का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी किया गया। महोत्सव की शुरुआत 29 जून को देव स्नान पूर्णिमा से होगी। इसके बाद 14 जुलाई को नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन, 16 जुलाई को दोपहर 3:30 बजे भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा सेक्टर-121 स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर बाबा बालकनाथ मंदिर, सेक्टर-71 तक पहुंचेगी। इसके बाद 24 जुलाई को बहुदा यात्रा, 25 जुलाई को सुना वेश तथा 27 जुलाई को नीलाद्रि बीजे का आयोजन वैदिक परंपराओं और धार्मिक विधि-विधान के अनुसार किया जाएगा।

प्रमोद बहल ने बताया कि भगवान के भव्य रथ का निर्माण अंतिम चरण में है। लगभग 18 फीट ऊंचे और छह पहियों वाले इस रथ को पारंपरिक शैली में तैयार किया जा रहा है। रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए समिति की पूरी कार्यकारिणी के साथ करीब 500 स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष दीपक सिंघल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक 'छेरा पहरा' की पवित्र रस्म निभाएंगे। वहीं, रथ यात्रा महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। देशभर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण का निर्माण करेंगे।

समिति ने यह भी जानकारी दी कि ग्रेट पोस्ट न्यूज़ और आरम्भ टीवी रथ यात्रा एवं उससे जुड़े प्रमुख धार्मिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण करेंगे, जिससे देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालु भी इस महोत्सव से जुड़ सकेंगे।

प्रेस वार्ता के अंत में मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा महोत्सव में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा का आशीर्वाद प्राप्त करें। समिति का कहना है कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का यह महापर्व हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।