रविवार, 28 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: मोबाइल चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह पर नॉलेज पार्क पुलिस का बड़ा प्रहार, डेढ़ करोड़ रुपये के 316 मोबाइल बरामद; दो शातिर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मोबाइल चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह पर नॉलेज पार्क पुलिस का बड़ा प्रहार, डेढ़ करोड़ रुपये के 316 मोबाइल बरामद; दो शातिर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 28 जून। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सेक्टर-148 मेट्रो स्टेशन के आगे पिलर संख्या-659 के पास से दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य के IQOO कंपनी के 316 चोरी के मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी थ्री-व्हीलर ऑटो तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विजय उर्फ नीटू पुत्र श्यामलाल निवासी दादूपुर, थाना इकोटेक प्रथम, गौतमबुद्धनगर तथा मिथुन पुत्र टीटू निवासी हिंगवाड़ा, थाना बीबीनगर, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दिल्ली के द्वारका क्षेत्र से मोबाइल फोन चोरी किए थे। इस संबंध में थाना सेक्टर-23, द्वारका (दिल्ली) में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पहले से दर्ज है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और उनसे जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले 21 जून 2026 को भी थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने इसी मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100 चोरी के मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये थी, बरामद किए थे। ताजा कार्रवाई के बाद अब तक कुल 416 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिससे इस बड़े चोरी गिरोह के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त विजय उर्फ नीटू के विरुद्ध पहले से भी गंभीर आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को मोबाइल चोरी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर अभियान जारी रहेगा।।