रविवार, 28 जून 2026

शिक्षा और आत्मनिर्भरता से बदलेगा युवाओं का भविष्य, रोजगार लेने नहीं बल्कि देने की सोच विकसित करनी होगी: अशोक भाटी

शेयर करें:

शिक्षा और आत्मनिर्भरता से बदलेगा युवाओं का भविष्य, रोजगार लेने नहीं बल्कि देने की सोच विकसित करनी होगी: अशोक भाटी

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नई दिल्ली, 28 जून। राजधानी दिल्ली के अशोक नगर स्थित एचवी कॉम्प्लेक्स में रविवार को सुल्तान चौधरी एसोसिएट्स लीगल एडवाइजर संस्थान का शुभारंभ धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। संस्थान का विधिवत उद्घाटन अखिल भारतीय गुर्जर महासभा, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष एवं समाजसेवी अशोक भाटी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के संचालक सुल्तान चौधरी और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में ऐसे प्रयास समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुई, जिसके बाद प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और संस्थान की सफलता की कामना की।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने कहा कि आज के समय में केवल पारंपरिक शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को आधुनिक तकनीक, व्यावसायिक कौशल और आत्मनिर्भरता की भावना से भी जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश और समाज का भविष्य शिक्षित, कुशल और आत्मविश्वासी युवाओं पर निर्भर करता है। युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने की सोच विकसित करनी चाहिए, जिससे वे स्वयं आगे बढ़ने के साथ-साथ दूसरों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकें।

उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए निजी संस्थानों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि ऐसे संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और नैतिक मूल्यों के साथ विद्यार्थियों को तैयार करेंगे तो निश्चित रूप से देश को योग्य और सक्षम नागरिक मिलेंगे। अशोक भाटी ने सुल्तान चौधरी द्वारा शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में शुरू की गई इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य करेंगे।

संस्थान के संचालक सुल्तान चौधरी ने बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रोफेशनल ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जाएगी। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ऑनलाइन कक्षाओं की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि दूर-दराज के छात्र-छात्राएं भी शिक्षा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी युग के अनुरूप तैयार करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम बताया। समारोह में चौधरी रामकिसान, चौधरी ब्रह्म सिंह, संजीव चौधरी, विशाल चौधरी, सिंहराज चौधरी, मनोज मावी, विपिन तंवर, नरेश नागर, अनिल बेसोया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने संस्थान की सफलता और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।।