रविवार, 28 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-113 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी और स्नेचिंग गिरोह का सक्रिय बदमाश गिरफ्तार, चोरी की बाइक, नकदी व अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-113 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी और स्नेचिंग गिरोह का सक्रिय बदमाश गिरफ्तार, चोरी की बाइक, नकदी व अवैध चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने चोरी और स्नेचिंग की वारदातों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, चोरी और स्नेचिंग से प्राप्त सामान की बिक्री के 12,300 रुपये नकद तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, 28 जून 2026 को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर एफएनजी सर्विस रोड, सोरखा क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान चोरी और स्नेचिंग की घटनाओं में संलिप्त विजय प्रताप उर्फ राजा ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल, 12,300 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि बरामद नकदी चोरी और स्नेचिंग की वारदातों से प्राप्त सामान बेचकर जुटाई गई थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और चोरी व स्नेचिंग की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ के आधार पर कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी विजय प्रताप उर्फ राजा ठाकुर मूल रूप से जनपद औरैया का निवासी है और उसके खिलाफ वर्ष 2016 से लेकर 2026 तक हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अवैध हथियार रखने, मादक पदार्थों की तस्करी, गैंगस्टर एक्ट सहित 17 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। हाल ही में थाना सेक्टर-113 में भी उसके विरुद्ध बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने कहा है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।