मंगलवार, 23 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: रायपुर लेबर कैंप में भीषण आग से मचा हड़कंप, गैस सिलेंडर फटने की आशंका; कई लोगों के फंसे होने की संभावना!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रायपुर लेबर कैंप में भीषण आग से मचा हड़कंप, गैस सिलेंडर फटने की आशंका; कई लोगों के फंसे होने की संभावना!!

!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर गांव स्थित बिल्लू धर्म कांटा के पीछे बने लेबर कैंप में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेजी से पूरे कैंप में फैल गईं, जबकि आसमान में उठते धुएं के घने गुबार ने दूर-दूर तक लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद कैंप में मौजूद मजदूरों और आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोग अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन आग लगातार विकराल रूप धारण करती चली गई।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि कैंप के अंदर कई गैस सिलेंडर रखे हुए हैं, जिनके फटने का खतरा बना हुआ है। इसके चलते आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े हैं।

बताया जा रहा है कि आग लगने के समय कैंप में कई मजदूर मौजूद थे। ऐसे में कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना संबंधित विभागों को दे दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि समय रहते दमकल की गाड़ियां नहीं पहुंचीं तो आग और अधिक फैल सकती है।

पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोग लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

रायपुर गांव के इस लेबर कैंप में लगी आग ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। सभी की निगाहें राहत एवं बचाव कार्य पर टिकी हैं और लोगों को अंदर फंसे मजदूरों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।।