शनिवार, 4 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त प्रशासन, 50% से कम संतुष्ट फीडबैक वाले विभागाध्यक्षों का रुकेगा वेतन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त प्रशासन, 50% से कम संतुष्ट फीडबैक वाले विभागाध्यक्षों का रुकेगा वेतन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 4 जुलाई। जन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एडीएम ने चेतावनी दी कि जुलाई माह में जिन विभागों का संतुष्ट फीडबैक 50 प्रतिशत से कम रहेगा, उन विभागाध्यक्षों का वेतन तब तक आहरित नहीं किया जाएगा, जब तक वे शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एवं शिकायतकर्ताओं से संवाद का प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करेंगे।

बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर विभिन्न विभागों में प्राप्त शिकायतों, उनके निस्तारण की स्थिति, लंबित मामलों, शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक, विभागवार प्रगति और जनपद की रैंकिंग की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान एडीएम अजीत कुमार सिंह ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी विभाग डिफाल्टर या बॉटम-10 की श्रेणी में न पहुंचे तथा अपनी विभागीय रैंकिंग में लगातार सुधार करें।

उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया केवल औपचारिकता न होकर प्रभावी और पारदर्शी होनी चाहिए। प्रत्येक कार्यालय में प्रतिदिन आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा की जाए तथा लंबित और 'सी' श्रेणी में दर्ज शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण भी अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि वास्तविक तथ्यों के आधार पर शिकायतों का स्थायी समाधान हो सके।

बैठक में कृषि, श्रम, विद्युत, शिक्षा, समाज कल्याण विभाग तथा दनकौर नगर पंचायत सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिन विभागों का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर का नहीं पाया गया, उन्हें विशेष अभियान चलाकर लंबित और 'सी' श्रेणी की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। एडीएम ने कहा कि आगामी समीक्षा बैठक तक सभी विभाग अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करें।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान करें। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आईजीआरएस पोर्टल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, लंबित मामलों में लगातार कमी लाने और जनपद की रैंकिंग को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, डिप्टी कलेक्टर चारुल यादव, सहायक आयुक्त स्टांप (द्वितीय) बृजेश कुमार, डिप्टी कमिश्नर प्रशासन राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग चंद सारस्वत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।।