लखनऊ :
मंदिर में झूठी शादी रचा यौनशोषण करने का युवक पर आरोप,रिपोर्ट दर्ज।
●पीड़िता ने आरोपी समेत चार पर दर्ज कराया मुकदमा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने, गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने और बाद में दहेज की मांग कर शादी से इनकार करने का आरोप लगाते हुए मुख्य आरोपी सहित चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में
मुकदमा दर्ज कराया है।
विस्तार :
पीड़िता के अनुसार करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान भावाखेड़ा निवासी मनीष कश्यप से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी उसे एक मंदिर में ले गया और झूठी शादी का विश्वास दिलाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि मनीष ने अपने दोस्त मयंक के माध्यम से गर्भपात की दवा मंगवाकर उसे खिला दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान गर्भपात की दवा खिलाए जाने की जानकारी हुई।
पीड़िता का कहना है कि इसके बाद उसके पिता आरोपी के घर पहुंचे और शादी की बात की, लेकिन आरोपी के पिता बृजलाल, मां शिवदेवी तथा अन्य परिजनों ने दहेज में मोटी रकम की मांग की। असमर्थता जताने पर शादी से इनकार कर दिया तथा गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।
प्रभारी निरीक्षक राम बाबू सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मनीष कश्यप सहित चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, यौन शोषण, दहेज मांगने एवं अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
