लखनऊ :
बस की टक्कर से घायल युवक ने तोड़ा दम, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना कृष्णानगर क्षेत्र में दो सप्ताह पूर्व हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटे के अंतिम संस्कार के बाद पिता ने बस संख्या के आधार पर कृष्णानगर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार बाराबंकी जनपद के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र स्थित दामोदरनगर निवासी वेद प्रकाश शर्मा के पुत्र 10 जुलाई को बाइक से लखनऊ आ रहे थे। आरोप है कि पिकैडली होटल चौराहे के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बस संख्या UP 78 HT 8283 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने घायल युवक को तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर कर दिया। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
बेटे के अंतिम संस्कार के बाद पीड़ित पिता वेद प्रकाश शर्मा ने बस संख्या के आधार पर कृष्णानगर थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और बस चालक की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
