लखनऊ :
नाती का पहला जन्मदिन मनाने गया परिवार,घर से चोर ने नकदी व जेवर समेटकर फरार।।
बेंगलुरु से लौटे परिवार को घर का टूटा मिले ताले,पुलिस को दी सूचना।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना कृष्णानगर क्षेत्र एलडीए कॉलोनी सेक्टर-डी में दो सप्ताह से बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए घर में रखी नकदी और चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। रविवार शाम बेंगलुरु से लौटे परिवार को दरवाजे के ताले टूटे और घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दिया। इसके बाद कृष्णानगर थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार एलडीए कॉलोनी सेक्टर-डी1 निवासी रीता सबरवाल अपने पति दीपक सबरवाल, छोटी बेटी और दामाद राहुल के साथ रहती हैं। उनकी बड़ी बेटी बेंगलुरु में रहती है। करीब दो सप्ताह पहले रीता सबरवाल अपने पति व परिवार के साथ बड़ी बेटी के बेटे के पहले जन्मदिन समारोह में शामिल होने बेंगलुरु गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद पड़ा था।
रविवार शाम जब परिवार वापस लखनऊ पहुंचा तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और चोरी की वारदात का पता चला। इसके बाद तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और कृष्णानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर पीके सिंह ने बताया कि पीड़िता रीता सबरवाल ने शिकायत में एक लिफाफे में रखे ₹5,000 नकद और चांदी के जेवरात चोरी होने की जानकारी दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
