लखनऊ :
स्टेशन जाने का रास्ता पूछकर महिला को बातों में फंसाया, सोने की चेन और कुंडल लेकर फरार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना कृष्णानगर क्षेत्र में सक्रिय महिला ठग गिरोह ने स्टेशन का रास्ता पूछने के बहाने एक महिला को बातों में उलझाकर उसके गले की सोने की चेन और कान के कुंडल पार कर दिए। काफी तलाश के बावजूद आरोपित महिलाओं का पता न चलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार सरोजनीनगर क्षेत्र अवध बिहार कॉलोनी निवासी राजकुमारी पत्नी रमेश कुमार के अनुसार, वह 19 जुलाई की शाम सीपेट नई बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान करीब 20 से 35 वर्ष आयु की दो अज्ञात महिलाएं उनके पास पहुंचीं और सूरत जाने की बात कहकर चारबाग रेलवे स्टेशन का रास्ता पूछने लगीं।
महिलाओं ने बातचीत के दौरान राजकुमारी को अपनी बातों में उलझाए रखा और मौका पाकर उनके गले में पहनी सोने की चेन तथा कान के कुंडल चोरी कर लिए। वारदात के बाद दोनों महिलाएं मौके से फरार हो गईं।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पीड़िता ने शनिवार को कृष्णानगर थाने में लिखित तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक पी.के. सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर रविवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों शातिर महिला ठगों की तलाश में जुटी हुई है।
