रविवार, 12 जुलाई 2026

लखनऊ: मोहनलालगंज में विधायक ने दो सड़कों का किया शिलान्यास।||Lucknow: MLA laid the foundation stone for two roads in Mohanlalganj.||

शेयर करें:
लखनऊ: 
मोहनलालगंज में विधायक ने दो सड़कों का किया शिलान्यास।
दो टूक : सीएम की त्वरित आर्थिक विकास योजना से होगा कलंदरखेड़ा-किसान मण्डी व उतरावां गौशाला-से कूटी बाबा तक के जर्जर मार्ग का निर्माण किया जाएगा.।।विस्तार :
लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के कलंदरखेड़ा से किसान मंडी होते हुए उतरावां समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला लंबे समय से जर्जर पड़ा मार्ग अब जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगा। भाजपा विधायक अमरेश कुमार रावत के प्रयासों से मुख्यमंत्री की त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत इस सड़क का निर्माण कराया जाएगा। रविवार को विधायक अमरेश कुमार रावत ने भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजेश रावत एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।इसके बाद विधायक अमरेश कुमार रावत ने उतरावां गौशाला से कूटी बाबा तक बनने वाली दूसरी सड़क का भी शिलान्यास किया। दोनों सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आम लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा किसान अपनी उपज आसानी से मंडी तक पहुंचा सकेंगे।
शिलान्यास के अवसर पर विधायक अमरेश कुमार रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के विकास और बेहतर सड़क संपर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जनप्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा और किसी भी गांव को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजेश रावत सहित ग्रामीणों और किसानों ने सड़क निर्माण की सौगात के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से सड़क की बदहाली के कारण आवागमन में भारी परेशानी होती थी। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी। अब सड़क बनने से किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष सुधांशु सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपू बाजपेयी, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानी मिश्रा, प्रदीप सिंह, अशोक कुमार रावत, प्रधान अभिषेक रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान उपस्थित रहे।