गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में गांजा तस्करी पर पुलिस का प्रहार, 1.145 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 145 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर शारदा गोलचक्कर से गुर्जरपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान श्याम बिहारी पुत्र बंशीलाल को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 145 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान श्याम बिहारी (25 वर्ष) निवासी ग्राम परसेरा, थाना बरगदिया, जनपद लखीमपुर खीरी तथा वर्तमान निवासी ग्राम सलारपुर, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में थाना नॉलेज पार्क से जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध वर्ष 2025 में भी इसी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। अब एक बार फिर मादक पदार्थों की तस्करी करते हुए पकड़े जाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ मु0अ0सं0 156/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने बरामद 1 किलो 145 ग्राम गांजा को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। इस संबंध में पुलिस नेटवर्क की भी जांच कर रही है।।
