रविवार, 12 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर ने पार किया लक्ष्य, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान में 10.15 लाख पौधे रोपे गए!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर ने पार किया लक्ष्य, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान में 10.15 लाख पौधे रोपे गए!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी "एक पेड़ माँ के नाम" वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को गौतमबुद्धनगर में पर्यावरण संरक्षण का ऐतिहासिक अभियान देखने को मिला। जिले में निर्धारित लक्ष्य से अधिक 10,15,766 पौधों का रोपण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा के सिग्मा-4 स्थित बैंक साइड ग्रीन बेल्ट, सिग्मा टेकज़ोन के निकट आयोजित मुख्य कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विकास विभाग के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।

प्रदेश सरकार ने इस वर्ष पूरे उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं गौतमबुद्धनगर को 9,46,017 पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया था, जिसे जिले ने पार करते हुए 10.15 लाख से अधिक पौधे लगाकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

मुख्य कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, एमएलसी नरेंद्र भाटी, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, सदर एसडीएम आशुतोष गुप्ता, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल, सेवानिवृत्त वन अधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, शी विंग्स फाउंडेशन के संस्थापक मदन मोहन भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, आईटीबीपी के जवान, छात्र-छात्राएं, आरडब्ल्यूए सदस्य और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मौलश्री, जामुन, तुलसी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में लगभग 242 करोड़ पौधों का रोपण कर हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक प्रदेश के वन एवं हरित क्षेत्र को 15 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे केवल सरकारी प्रयासों से नहीं बल्कि जनभागीदारी से ही पूरा किया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर अपनी आयु के बराबर पौधे लगाने का संकल्प लें और उनकी देखभाल भी करें। उन्होंने कहा कि ऐसे वृक्ष लगाए जाएं जिन पर पक्षी अपना घोंसला बना सकें, क्योंकि पर्यावरण संरक्षण तभी सफल होगा जब प्रकृति और जीव-जंतुओं का संतुलन भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि "वृक्षारोपण हर बीमारी का इलाज है और इसे जनआंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है।"

एमएलसी नरेंद्र भाटी ने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए प्राकृतिक खेती और वृक्षारोपण दोनों जरूरी हैं। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास फलदार तथा छायादार पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।

विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कहा कि लगातार बढ़ता तापमान और जलवायु परिवर्तन भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय ऑक्सीजन का महत्व पूरी दुनिया ने महसूस किया था। ऐसे में अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण का भी संकल्प है।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि गौतमबुद्धनगर में इस अभियान को जनसहभागिता के साथ सफल बनाने में सभी विभागों, औद्योगिक इकाइयों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण और संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को नियमित निगरानी और देखभाल के निर्देश दिए गए हैं।

प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल ने बताया कि जनपद में वन विभाग द्वारा 93,330 तथा अन्य विभागों द्वारा 9,22,436 पौधों का रोपण किया गया। इस प्रकार जिले में कुल 10,15,766 पौधे लगाए गए, जो निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक है।

उन्होंने बताया कि प्रमुख सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग तथा वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के नोडल अधिकारी अनिल गर्ग (आईएएस) ने भी जिले के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर पौधरोपण कार्यक्रमों में सहभागिता की।

मुख्य कार्यक्रम के अलावा जिले के सभी विकास खंडों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देने का संकल्प है।.