लखनऊ:
गुमशुदा युवक की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अवशेष व टी-शर्ट बरामद।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना चिनहट पुलिस ने गुमशुदा युवक गुलफाम अहमद की हत्या के सनसनीखेज का खुलासा करते हुए एक और मुख्य आरोपी मोहम्मद साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक के अवशेष और घटना के समय पहनी गई टी-शर्ट भी बरामद कर ली है। मामले में पहले एक आरोपी समीर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
विस्तार :
थाना चिनहट इंस्पेक्टर के अनुसार सुल्तानपुर निवासी इस्तीयाक अहमद ने अपने भाई गुलफाम अहमद के लापता होने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। पहले गुमशुदगी दर्ज की गई थी लेकिन जांच के दौरान अपहरण और हत्या की आशंका के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं।
पुलिस जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र के हुसैनमऊ गांव निवासी मोहम्मद साहिल (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई आदिल, साथी समीर और तौफीक के साथ मिलकर 22 मई 2026 को गुलफाम अहमद की हत्या करने की बात स्वीकार की।
विवाद के बाद कर दी थी हत्या।
आरोपी के मुताबिक, बाराबंकी जाते समय कार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सभी लोग गुलफाम को माती थाना क्षेत्र स्थित नहर किनारे नईमऊ गांव के सामने ले गए, जहां उसका गला काटकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक के अवशेष और उसकी टी-शर्ट बरामद कर ली। मृतक की अर्टिगा कार भी पुलिस पहले ही बाराबंकी से लावारिस अवस्था में बरामद कर चुकी है।
पुलिस ने मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
