मंगलवार, 28 जुलाई 2026

लखनऊ : आईपीएस तबादलों में बड़ा बदलाव: आईपीएस तरुण गाबा लखनऊ के बने पुलिस कमिश्नर,राजधानी में दूसरी पारी शुरू।।||Lucknow: Major change in IPS transfers: IPS Tarun Gaba becomes Lucknow Police Commissioner, begins his second term in the capital.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
आईपीएस तबादलों में बड़ा बदलाव: आईपीएस तरुण गाबा लखनऊ के बने पुलिस कमिश्नर,राजधानी में दूसरी पारी शुरू।।
आईपीएस तरुण गाबा की 11 माह बाद लखनऊ में वापसी,अमरेंद्र के.सेंगर डीजी इंटेलिजेंस नियुक्त।
दो टूक  : उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल का सबसे बड़ा असर राजधानी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में देखने को मिला, जहां पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र के. सेंगर को पुलिस महानिदेशक (डीजी) इंटेलिजेंस नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें डीजी सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं, अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सुरक्षा तरुण गाबा को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। इसके साथ ही करीब 11 माह बाद उनकी दोबारा लखनऊ में वापसी हुई है। इससे पहले भी वह लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में रह चुके हैं और अब दूसरी बार राजधानी की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।।
विस्तार :
उत्तर प्रदेश योगी सरकार ने एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं. इस फेरबदल में गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ और प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण पुलिस पदों पर बदलाव किया गया है जिसमे तरुण गाबा लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर बनाए गए हैं और पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया।
रिजल्ट देने वाले अधिकारी के रूप में पहचान।
तरुण गाबा वर्ष 2001 बैच के यूपी कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले तरुण गाबा को प्रदेश सरकार के भरोसेमंद और परिणाम देने वाले अधिकारियों में गिना जाता है। उन्होंने अपने लंबे पुलिस सेवा काल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
वह प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में दूसरे पुलिस कमिश्नर रहे, जहां 22 जून 2024 को उनकी तैनाती हुई थी। इसके अलावा वह एडीजी सुरक्षा, गृह सचिव, पीएसी, कारागार प्रशासन, स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) और सीबीआई जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सीबीआई और केंद्र सरकार में भी निभाई अहम भूमिका।
तरुण गाबा ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान सीबीआई में लंबे समय तक कार्य किया। वर्ष 2020 में यूपी कैडर में लौटने के बाद योगी सरकार ने उन्हें गृह सचिव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। उस समय प्रदेश में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्हें यह दायित्व दिया गया था।
इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में पुलिस प्रमुख (एसपी/एसएसपी) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी कार्यशैली तेज निर्णय क्षमता, प्रभावी अपराध नियंत्रण और बेहतर प्रशासनिक समन्वय के लिए जानी जाती है।
महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था में निभाई अहम भूमिका।
प्रयागराज महाकुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयार की गई रणनीतियों में तरुण गाबा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने विशाल जनसमूह के सुरक्षित संचालन, ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा निगरानी और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर कई प्रभावी योजनाएं तैयार कीं, जिनकी व्यापक सराहना हुई।
अमरेंद्र के.सेंगर को मिली नई जिम्मेदारी।
वर्तमान पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र के. सेंगर को अब डीजी इंटेलिजेंस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही उन्हें डीजी सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। माना जा रहा है कि प्रदेश की सुरक्षा एवं खुफिया व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार ने यह फैसला लिया है।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज
सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी चुनौतियों, कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस प्रशासन में नई कार्यशैली लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राजधानी लखनऊ में तरुण गाबा की दूसरी पारी को लेकर पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि वह राजधानी में अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और पुलिसिंग को किस नई दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
स्थानांतरण लिस्ट की फोटो-