मंगलवार, 28 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: उद्योगों की रफ्तार बढ़ाने पर जोर: डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: उद्योगों की रफ्तार बढ़ाने पर जोर: डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतम बुद्ध नगर। जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने और उद्यमियों के लिए बेहतर कारोबारी माहौल तैयार करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि निवेशकों का विश्वास मजबूत हो और जिले में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिल सके।

बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने जनपद के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों, लंबित प्रकरणों और विकास कार्यों की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, जिससे निवेशकों और उद्यमियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव, बाधित विद्युत आपूर्ति, ट्रैफिक जाम, जर्जर सड़कें, अतिक्रमण, पार्किंग की कमी और जल निकासी जैसी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या को लंबित रखने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि औद्योगिक विकास प्राधिकरणों से संबंधित लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित प्राधिकरणों के अधिकारियों के साथ शीघ्र अलग बैठक आयोजित की जाए, ताकि समस्याओं का स्थायी और परिणामपरक समाधान निकल सके तथा उद्योग जगत को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि "औद्योगिक विकास तभी संभव है, जब प्रशासन और उद्योग जगत साझी जिम्मेदारी एवं समन्वय की भावना के साथ कार्य करें। उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।"

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि राज्य सरकार की विभिन्न उद्यमी हितैषी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पात्र उद्यमी तक इन योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचे।

बैठक में उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, विभिन्न प्राधिकरणों के अधिकारी, श्रम, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासन और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।।