लखनऊ :
ट्रेन की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, सैरपुर रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना सैरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होना प्रतीत हो रही है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को रेलवे की ओर से मेमो के माध्यम से थाना सैरपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ट्रेन से रन ओवर हो गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक रामदेव पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक पर पिलर संख्या 15/09 के निकट एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला।
जांच के दौरान मृतक की पैंट की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान पवन कुमार (24 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय कमलेश कुमार, निवासी ग्राम पुरैना, थाना बिसवां, जनपद सीतापुर के रूप में हुई।
पहचान होने के बाद पुलिस ने सी-प्लान के माध्यम से मृतक के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर मृतक का भाई सचिन कुमार मौके पर पहुंचा और शव की शिनाख्त की। पुलिस ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कराई।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा युवक के ट्रेन की चपेट में आने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। घटना स्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
