गौतमबुद्धनगर: बारिश के बाद एक्शन मोड में नोएडा प्राधिकरण, वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा; जलभराव वाले इलाकों में पहुंचकर दिए सख्त निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। मंगलवार को हुई बारिश के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए नोएडा प्राधिकरण पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। आम नागरिकों को राहत पहुंचाने और जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरे और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करते हुए जलनिकासी कार्यों में तेजी लाने और नागरिक सुविधाओं को हर हाल में बहाल रखने के सख्त निर्देश दिए।
मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को हुई वर्षा के बाद उत्पन्न परिस्थितियों का आकलन करने के लिए नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी श्री एस.पी. सिंह, श्री आर.पी. सिंह एवं श्री ए.के. अरोड़ा ने सिविल एवं जल विभाग के वरिष्ठ प्रबंधकों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान जलभराव वाले स्थानों, सड़कों, नालों, ड्रेनेज सिस्टम तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर तैनात टीमों से जलनिकासी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां भी पानी जमा है, वहां तत्काल पंपिंग और अन्य आवश्यक संसाधनों का उपयोग कर जल्द से जल्द जलभराव समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करें।
वरिष्ठ अधिकारियों ने जलभराव संभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर बारिश के दौरान बार-बार जलभराव की समस्या सामने आती है, वहां स्थायी समाधान की दिशा में भी प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान सड़कों पर जलनिकासी की व्यवस्था, नालों की सफाई, पंपिंग स्टेशनों की कार्यप्रणाली तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ फील्ड में मौजूद रहें और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बारिश के मौसम को देखते हुए शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मशीनरी, पंप और कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान कर नागरिकों को राहत प्रदान की जा सके। प्राधिकरण का कहना है कि शहरवासियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
