गौतमबुद्धनगर: ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर: डीएम ने वेयरहाउस का किया औचक निरीक्षण, सील, ताले और CCTV व्यवस्था की गहन जांच!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 28 जुलाई 2026। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, मुख्य द्वार की सील एवं ताले सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे ताले और सीलों का बारीकी से निरीक्षण किया, जो पूरी तरह सुरक्षित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। इसके बाद उन्होंने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी कैमरे सुचारु रूप से संचालित मिले और निगरानी व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन करते हुए वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा कर्मी पूर्ण सतर्कता, जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा सुरक्षा मानकों का हर समय कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का नियमित निरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं, ताकि मशीनों की सुरक्षा और पारदर्शिता पर किसी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं संतोषजनक पाई गईं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।।
