मंगलवार, 28 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: रेकी कर बंद मकानों में करता था चोरी, फर्जी नंबर प्लेट से बचता था पुलिस से; बीटा-2 पुलिस ने शातिर आरोपी को दबोचा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रेकी कर बंद मकानों में करता था चोरी, फर्जी नंबर प्लेट से बचता था पुलिस से; बीटा-2 पुलिस ने शातिर आरोपी को दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना बीटा-2 पुलिस ने बंद पड़े मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी चोरी करने के साथ-साथ अवैध गांजे की तस्करी भी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, फर्जी नंबर प्लेट लगी घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ताले खोलने के उपकरण, दो दर्जन चाबियां, एक अतिरिक्त नंबर प्लेट तथा 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 28 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस ने सिटी पार्क नवादा के पास चेकिंग के दौरान साहिल पुत्र रज्जाक निवासी मुस्ताक नगर, थाना बन्नादेवी, जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कई चोरी की वारदातों का खुलासा किया।

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सोसायटियों और कॉलोनियों में घूमकर बंद पड़े मकानों की रेकी करता था। घर में लोगों की मौजूदगी न होने की पुष्टि करने के बाद वह प्लास और अलग-अलग चाबियों की मदद से ताले खोलकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस से बचने के लिए वह अपनी मोटरसाइकिल पर बार-बार फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलता था, ताकि उसकी पहचान न हो सके।

पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी के साथ-साथ उसी मोटरसाइकिल से विभिन्न इलाकों में घूमकर अवैध गांजे की बिक्री भी करता था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 6 जून 2026 को अल्फा-1 के बी-ब्लॉक और 11 जुलाई 2026 को सिल्वर ऑक्स सोसायटी के बंद पड़े मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इन मामलों में थाना बीटा-2 में मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से तीन सोने की चेन, दो सोने के मंगलसूत्र, एक सोने का ब्रेसलेट, दो सोने के पेंडेंट, पांच सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, दो जोड़ी चांदी की पायल, फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल, एक अतिरिक्त नंबर प्लेट, एक प्लास, दो दर्जन ताले खोलने की चाबियां तथा 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार साहिल के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के थाना बीटा-2, सूरजपुर और नॉलेज पार्क समेत मुरादाबाद के कांठ थाने में चोरी, चोरी के माल की बरामदगी, आईटी एक्ट और अन्य धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और वह कई मामलों में जेल भी जा चुका है।

थाना बीटा-2 पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं और संभावित साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है।