लखनऊ :
श्रावण में कांवड़ यात्रा: यूपी रोडवेज अलर्ट, हरिद्वार समेत प्रमुख रूटों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी।।
दो टूक : श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने रोडवेज बसों के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाए और यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
विस्तार :
हरिद्वार समेत प्रमुख मार्गों पर रहेगा विशेष फोकस।
30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा और 11 अगस्त को पड़ने वाली श्रावण शिवरात्रि के मद्देनज़र आगरा, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, सहारनपुर, गोरखपुर और वाराणसी से जुड़े मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए वहां के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसें संचालित की जाएंगी। वहीं लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज के बीच भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।
बस स्टेशनों पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा मार्ग के सभी प्रमुख बस स्टेशनों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पूछताछ केंद्र, उद्घोषणा प्रणाली और खान-पान की सुविधाएं पूरी तरह सुचारु रहें ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा नियमों का होगा सख्ती से पालन
कांवड़ यात्रा के दौरान बसों की गति निर्धारित सीमा के भीतर रखने, चालकों का अनिवार्य ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराने और श्रद्धालुओं के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सौहार्दपूर्ण व्यवहार पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि रोडवेज बसों के कारण कांवड़ यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार का जाम या बाधा उत्पन्न न हो।
24 घंटे सक्रिय रहेंगे कंट्रोल रूम
परिवहन निगम की ओर से प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर रूट डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी सभी संबंधित अधिकारियों तक समय पर पहुंचाई जाएगी। डायवर्जन लागू होने की स्थिति में बसों का संचालन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर ही कराया जाएगा।
श्रावण मास के प्रत्येक प्रमुख सोमवार और शिवरात्रि पर्व को देखते हुए परिवहन विभाग ने पूरे प्रदेश में विशेष संचालन योजना लागू करने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
