लखनऊ:
यासीनगंज गोलीकांड मे पांच आरोपी गिरफ्तार,पिस्टल,कारतूस बरामद।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सआदतगंज क्षेत्र में यासीनगंज में हुई गोलीकांड की घटना मे पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक पल्सर एनएस-125 मोटरसाइकिल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, कोतवाली सआदतगंज
क्षेत्र यासीनगंज मोहल्ले में बीते 24 जुलाई को मामूली विवाद मे अब्दुल खान को जान से मारने की नीयत से गोली मार कर लहूलुहान कर दिया। इस मामले में थाना सआदतगंज पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले 26 जुलाई को तिल्ली मिल मैदान के पास से वली शाह, अब्दुल रहमान और मोहम्मद साहिल को गिरफ्तार किया। इसके बाद 27 जुलाई को कोठारी बंधु चौराहे के पास से मो. अमान अली उर्फ मुन्ना कुरैशी और मो. अमन को दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी मो. अमान अली उर्फ मुन्ना कुरैशी ने स्वीकार किया कि गोलीकांड में बरामद पिस्टल का ही इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की भी बढ़ोतरी की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से भी मारपीट, हत्या के प्रयास और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
