सोमवार, 27 जुलाई 2026

मऊ : कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न।||Mau: The District Peace Committee concluded its meeting regarding preparations for the Kanwar Yatra.||

शेयर करें:
मऊ : 
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न।
।।देवेन्द्र कुमार कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ -- आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा, सावन मेला एवं अन्य प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता से निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों को कांवड़ मार्गों, शिविरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा जर्जर तारों को समय रहते बदलने के निर्देश दिए गए। साथ ही त्योहारों से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंटों की नियमित जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आबकारी विभाग को शराब की दुकानों पर विशेष निगरानी रखते हुए मिलावट पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि सभी नागरिक आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन प्रत्येक आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साउंड सिस्टम का उपयोग किया जाएगा तथा नशीले पदार्थों का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए निर्धारित रूट रहेगा, सभी कांवड़ शिविरों पर संबंधित अधिकारियों के नाम, मोबाइल नंबर एवं सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहेंगे। नई परंपराएं शुरू करने या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरशद जमाल ने भरोसा दिलाया कि नगर पालिका इस वर्ष भी साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कर प्रशासन को पूरा सहयोग देगी।
बैठक में व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने बिजली बिलों की विसंगतियों एवं शहर के जर्जर विद्युत तारों को बदलने का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रामबाबू, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष तैय्यब पालकी, दिनेश भारती, संजय वर्मा, भारत लाल राही, इम्तियाज अहमद सहित शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।