सोमवार, 27 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: मौत से महज़ एक कदम दूर थी युवती... ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटी में बालकनी से लटकी, लोगों ने बचाई जान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मौत से महज़ एक कदम दूर थी युवती... ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटी में बालकनी से लटकी, लोगों ने बचाई जान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र की चेरी काउंटी चौकी इलाके से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसायटी के एक ऊपरी फ्लोर की बालकनी से एक युवती खतरनाक तरीके से बाहर लटक गई। इस भयावह दृश्य को देखकर नीचे मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवती बालकनी के बाहरी हिस्से में लटकी हुई है और खुद को संभालने की कोशिश कर रही है। नीचे मौजूद लोग लगातार उसे हिम्मत बंधाते नजर आते हैं, जबकि कई लोग उसकी जान बचाने के लिए तत्काल सुरक्षा के इंतजाम में जुट जाते हैं। हर किसी की नजर ऊपर टिकी थी और हर पल किसी अनहोनी का डर सता रहा था।

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक महिला ने सबसे पहले इस खतरनाक स्थिति को देखा और उसका वीडियो बनाते हुए आसपास के लोगों को सतर्क किया। महिला की सजगता के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए राहत प्रयास शुरू कर दिए। लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना युवती को सुरक्षित बचाने की कोशिश की और आखिरकार उसे सुरक्षित निकाल लिया। उनकी बहादुरी और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

वीडियो में युवती रोती हुई दिखाई दे रही है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह बेहद डरी और घबराई हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कुछ पल की भी देरी हो जाती तो यह घटना दर्दनाक हादसे में बदल सकती थी। मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता और सामूहिक प्रयास ने एक जिंदगी को बचा लिया।

घटना के बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखकर लोग युवती को बचाने वाले लोगों की सराहना कर रहे हैं और इसे इंसानियत और साहस की मिसाल बता रहे हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती बालकनी के बाहर कैसे पहुंची और घटना के पीछे क्या वजह थी। मामले को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

यह घटना एक बार फिर हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षा व्यवस्था, सतर्कता और आपातकालीन प्रतिक्रिया की अहमियत को उजागर करती है। समय रहते लोगों की सूझबूझ और बहादुरी ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया, जिससे एक परिवार उजड़ने से बच गया।।