रविवार, 26 जुलाई 2026

लखनऊ : डेढ़ लाख के लालच में बना फर्जी किसान,हुआ गिरफ्तार,पहुचा हवालत।||Lucknow: A fake farmer, lured by a sum of Rs 1.5 lakh, was arrested and sent to jail.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
डेढ़ लाख के लालच में बना फर्जी किसान,हुआ गिरफ्तार,पहुचा हवालत।
मृतक किसान की करोड़ों की जमीन के फर्जी बैनामे का है मामला।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के जरिए कीमती कृषि भूमि के बैनामे कराने वाले गिरोह का एक अहम सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने डेढ़ लाख रुपये के लालच में खुद को किसान बताकर दूसरे के नाम से फर्जी बैनामे किए। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने पैसे के लालच में यह पूरा खेल खेला।
विस्तार : 
पुलिस के अनुसार कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र सिसेंडी गांव निवासी आशीष कुमार गुप्ता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गांव की कई गाटा संख्या की भूमि, जो राजस्व अभिलेखों में सुरेश कुमार पुत्र श्रीकृष्ण के नाम दर्ज थी, उसे फर्जी पहचान बनाकर दूसरे लोगों के नाम बेच दिया गया। जांच में सामने आया कि अलग-अलग बैनामों में अलग-अलग आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल किया गया, जिससे दस्तावेजों के फर्जी होने की आशंका मजबूत हुई।
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कथित विक्रेता क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद मोहनलालगंज पुलिस ने बैंक ऑफ इंडिया, सिसेंडी के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना वास्तविक नाम हरीलाल निवासी जनपद आजमगढ़ बताया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में लखनऊ आने के दौरान उसकी मुलाकात राजेश कुमार जायसवाल से हुई थी। राजेश ने उसे डेढ़ लाख रुपये देने का लालच देकर सुरेश कुमार बनकर बैनामा कराने के लिए तैयार किया। इसके बाद उसके नाम से फर्जी आधार और अन्य दस्तावेज तैयार कराए गए और उपनिबंधक कार्यालय में ले जाकर कई बैनामे कराए गए। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि संबंधित दस्तावेजों पर लगे अंगूठे के निशान और हस्ताक्षर उसी के हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और जल्द ही उनके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरीलाल (67 वर्ष), निवासी रस्तीपुर, पोस्ट पिथौरपुर, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह मजदूरी का कार्य करता है। उसके विरुद्ध मोहनलालगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमे के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।