लखनऊ :
डॉ. विवेक गुप्ता ने संभाला लोकबंधु अस्पताल के निदेशक का कार्यभार, अस्पताल का किया निरीक्षण।।
विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जागरूकता संगोष्ठी, प्रसूताओं को वितरित किए गए न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट्स।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कानपुर रोड स्थित एलडीए कॉलोनी सेक्टर-बी के लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय में मंगलवार को डॉ. विवेक गुप्ता ने निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक के पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय वर्मा और अस्पताल की प्रशासनिक टीम के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया।
विस्तार :
लोकबंधु अस्पताल के नवनियुक्त निदेशक डां० विवेक गुप्ता ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करते हुए अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी, इमरजेंसी सहित विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इसी क्रम में विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर आयोजित जन-जागरूकता संगोष्ठी में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय वर्मा ने हेपेटाइटिस से बचाव, समय पर जांच और उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर उपचार से इस गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संगठनों के सहयोग से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रसूताओं को प्रोटीन एवं न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट्स का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
