मंगलवार, 28 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: कंचनगंगा अपार्टमेंट में फिर लहराया विश्वास का परचम, राम लखन चौधरी की टीम लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कंचनगंगा अपार्टमेंट में फिर लहराया विश्वास का परचम, राम लखन चौधरी की टीम लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सदस्यों ने जताया भरोसा, विकास और पारदर्शी व्यवस्था के संकल्प के साथ नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-53 स्थित कंचनगंगा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (KAOA) के चुनाव में एक बार फिर विश्वास और कार्यों की जीत हुई है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री राम लखन चौधरी के नेतृत्व वाली पूरी टीम निर्विरोध निर्वाचित हुई है। लगातार दूसरी बार मिली इस ऐतिहासिक निर्विरोध जीत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सोसाइटी के सदस्यों ने उनके नेतृत्व, कार्यशैली और अब तक किए गए विकास कार्यों पर अपना भरोसा कायम रखा है।

निर्विरोध निर्वाचित नई कार्यकारिणी में श्री राम लखन चौधरी को अध्यक्ष, श्री मदन कुमार जैन को उपाध्यक्ष, श्रीमती पुष्पा शाह को महासचिव, श्रीमती बिमला राजोरा को संयुक्त सचिव और श्री पवन कुमार तिवारी को कोषाध्यक्ष चुना गया है। इसके साथ ही कार्यकारिणी के सभी सदस्य भी निर्विरोध निर्वाचित हुए।

चुनाव परिणाम के बाद सोसाइटी परिसर में खुशी का माहौल रहा। सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में सोसाइटी में सुविधाओं के विस्तार, रखरखाव व्यवस्था को बेहतर बनाने और निवासियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में और प्रभावी कार्य किए जाएंगे।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री राम लखन चौधरी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरी टीम के समर्पण और सोसाइटी के सदस्यों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आगे भी पूरी टीम सभी निवासियों के सहयोग से सोसाइटी के विकास, बेहतर सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शी प्रशासन के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि सदस्यों का विश्वास ही टीम की सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास को बनाए रखते हुए कंचनगंगा अपार्टमेंट को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचन ने साबित किया कि बेहतर कार्य और विश्वास की राजनीति ही सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।