लखनऊ :
विकलांग युवक को ऑटो ने मारी टक्कर, दोनों हाथ-पैर और टूटा जबड़ा, ट्रामा सेंटर मे चल रहा इलाज,पिता ने दर्ज कराई एफआईआर।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे का एक गंभीर मामला सामने आया है। लखनऊ-सुल्तानपुर रोड पर एक तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो की टक्कर से तीन पहिया साइकिल से जा रहे एक दिव्यांग युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पीड़ित के पिता ने कोतवाली गोसाईगंज में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बसरहिया निवासी छोटेलाल पुत्र स्वर्गीय बद्री प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका विकलांग पुत्र दीपक कुमार 22 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे अपनी तीन पहिया साइकिल से गोसाईगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान लखनऊ-सुल्तानपुर रोड पर कोड़रा मजरा शेखनापुर के पास पीछे से आए सीएनजी ऑटो संख्या UP 36 AT 4522 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि दीपक कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनके दोनों हाथ, दोनों पैर और जबड़ा टूट गया, जबकि सीने और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी ऑटो चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
घायल दीपक कुमार को तत्काल उपचार के लिए पीजीआई एपेक्स ट्रॉमा सेंटर-2 में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के करीब पांच दिन बाद, 27 जुलाई 2026 को पीड़ित के पिता छोटेलाल ने गोसाईगंज कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपी ऑटो चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन संख्या के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। सड़क दुर्घटना के इस मामले में पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
