गौतमबुद्धनगर: खुला रहा रेलवे फाटक, गुजरती रही कोयले से लदी मालगाड़ी; ग्रेटर नोएडा में बड़ी लापरवाही से टला बड़ा हादसा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। जारचा थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव के पास एनटीपीसी-दादरी रेल सेक्शन पर रेलवे की कथित गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां उस समय रेलवे फाटक खुला रहा, जब एनटीपीसी के लिए कोयले से लदी मालगाड़ी ट्रैक से गुजर रही थी। फाटक खुला होने के कारण स्कूल वैन, दोपहिया और अन्य वाहन रेलवे लाइन पार करने के लिए मौजूद थे। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने सतर्कता दिखाई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी के गुजरने के दौरान भी फाटक बंद नहीं किया गया। इससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां रेलवे लाइन के आसपास दो स्कूल संचालित हैं और स्कूल समय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, स्कूल वैन और अभिभावकों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में यदि किसी वाहन चालक ने जल्दबाजी दिखाई होती, तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि लोगों की जान को खतरे में डालने जैसा मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग भी उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे फाटक पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक भविष्य में गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने मांग की कि इस रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।
फिलहाल इस घटना का वीडियो भी स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस संबंध में रेलवे प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि वीडियो और घटना की पुष्टि होती है, तो यह रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
यह घटना एक बार फिर इस बात की याद दिलाती है कि रेलवे फाटकों पर थोड़ी सी लापरवाही भी सैकड़ों लोगों की जान जोखिम में डाल सकती है। स्थानीय लोगों ने मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
