लखनऊ :
कैंसर संस्थान में तीमारदारों को अब तीनों समय मिलेगा निःशुल्क भोजन।।
●कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान व श्रीमद कमल कल्याण फाउंडेशन के बीच हुआ एमओयू।।
।। संवाददाता – डी. एस. शास्त्री ।।
दो टूक : कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ में भर्ती कैंसर मरीजों के तीमारदारों को अब प्रतिदिन तीनों समय निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस मानवीय पहल के तहत संस्थान एवं श्रीमद कमल कल्याण फाउंडेशन, लखनऊ के बीच मंगलवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस सहयोग के अंतर्गत मरीजों के तीमारदारों को प्रतिदिन घर का बना ताजा, पौष्टिक एवं स्वच्छ नाश्ता निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही अब संस्थान में पहले से संचालित दोपहर एवं रात्रि भोजन की व्यवस्था के साथ नाश्ता भी जोड़े जाने से तीमारदारों को प्रतिदिन तीनों समय निःशुल्क भोजन की सुविधा मिलेगी।
संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट एवं श्रीमद कमल कल्याण फाउंडेशन के प्रेसिडेंट राजेश गुप्ता ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर प्रो. भट्ट ने कहा कि यह पहल मरीजों एवं उनके परिजनों को समग्र सहयोग प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने फाउंडेशन के इस मानवीय एवं सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रो. विजेंद्र कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, डॉ. वरुण विजय, डॉ. आयुष लोहिया, डॉ. गीतिका पंत तथा फाउंडेशन के सेक्रेटरी आर.के. श्रीवास्तव सहित संस्थान एवं फाउंडेशन के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कैप्शन: एमओयू पर हस्ताक्षर करते कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट एवं श्रीमद कमल कल्याण फाउंडेशन के पदाधिकारी।
