मंगलवार, 28 जुलाई 2026

गोण्डा :हरी झण्डी दिखकर बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए ‘हनुमान रथ’ किया गया रवाना।||Gonda:The 'Hanuman Rath' was flagged off for the flood-affected areas.||

शेयर करें:
गोण्डा :
हरी झण्डी दिखकर बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए ‘हनुमान रथ’ किया गया रवाना।।
आपदा के समय फंसे लोगों तक तेजी से पहुंचेगी मदद।
।।संवाददाता - वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक :  बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक तेज, प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से सोमवार को तहसील तरबगंज अंतर्गत ग्राम ऐलीपरसौली सहित आसपास के बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए विशेष राहत एवं रेस्क्यू वाहन "हनुमान रथ" को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह विशेष वाहन बाढ़ के दौरान फंसे लोगों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचाने तथा आपात स्थिति में रेस्क्यू अभियान चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पाण्डेय, विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, एमएलसी मंजू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हनुमान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत और सुरक्षित रेस्क्यू प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासन के अनुसार बाढ़ के समय कई गांव चारों ओर से पानी से घिर जाते हैं, जिससे सामान्य वाहनों का पहुंचना संभव नहीं हो पाता। ऐसे में "हनुमान रथ" राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एक प्रभावी माध्यम साबित होगा। इसके जरिए खाद्यान्न, पेयजल, दवाइयां और अन्य जरूरी राहत सामग्री तेजी से प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा सकेगी। आवश्यकता पड़ने पर यह वाहन रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य भी करेगा।
बताया गया कि यह विशेष वाहन विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह की ओर से उपलब्ध कराया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को नई गति मिलेगी और जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने में काफी सुविधा होगी।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से आपदा प्रबंधन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों का भरोसा भी बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि "हनुमान रथ" बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक सुदृढ़, त्वरित और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी तरबगंज, ब्लॉक प्रमुख बेलसर, नगर पालिका अध्यक्ष नवाबगंज, खंड विकास अधिकारी बेलसर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।