गोण्डा :
खेत की मेड़ के विवाद में बरसा कुदाल-भाला, जानलेवा हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार।।
मेड़ बांधने के विरोध पर हुआ खूनी संघर्ष, कई लोग घायल; तीन आरोपियों को जेल भेजा, अन्य की तलाश जारी।
।।संवाददाता - वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मेड़ बांधने का विरोध करने पर एक पक्ष पर कुदाल, भाला और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। इस मामले में नवाबगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार यह घटना 24 जुलाई को हुई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह अपने खेत का निरीक्षण करने पहुंचे थे, तभी पता चला कि विपक्षी पक्ष ने बिना पैमाइश और सीमांकन के उनकी जमीन में मेड़ बांध दी है। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने एकजुट होकर कुदाल, भाला और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार कराया गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पीड़ित की तहरीर पर नवाबगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) एवं क्षेत्राधिकारी तरबगंज के पर्यवेक्षण में नवाबगंज पुलिस टीम ने महगूपुर मोड़ के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
