गौतमबुद्धनगर: नोएडा में दिनदहाड़े फैक्ट्री पर चोरों का धावा, CCTV में कैद हुई वारदात; वेल्डिंग मशीन और सिलेंडर लेकर फरार!!
दो टूक//नोएडा। थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-10 स्थित एक लोहे की फैक्ट्री में दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ बदमाश फैक्ट्री से वेल्डिंग मशीन और गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-10 स्थित फैक्ट्री में दो शातिर चोर दिन के समय दाखिल हुए और मौके का फायदा उठाते हुए वेल्डिंग मशीन तथा सिलेंडर चोरी कर ले गए। वारदात के बाद जब फैक्ट्री संचालक को चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
फैक्ट्री मालिक का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची, जिससे आरोपियों को पकड़ने का मौका हाथ से निकल गया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होती तो चोरों को गिरफ्तार किया जा सकता था।
पीड़ित ने थाना फेस-1 पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के कैमरों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से सेक्टर-10 के औद्योगिक क्षेत्र के व्यापारियों और फैक्ट्री संचालकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।।
