मंगलवार, 14 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह ले जाते, फिर लूटते थे शिकार; नोएडा पुलिस ने दबोचा लुटेरा गैंग, नाबालिग भी पकड़ा गया!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह ले जाते, फिर लूटते थे शिकार; नोएडा पुलिस ने दबोचा लुटेरा गैंग, नाबालिग भी पकड़ा गया!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-63 पुलिस ने ऑटो में सवारी बैठाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, ₹2,250 नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो और एक अवैध चाकू बरामद किया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी रात के समय यात्रियों को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाते थे और उनसे मोबाइल, नकदी व अन्य सामान लूटकर फरार हो जाते थे। इतना ही नहीं, पीड़ितों के मोबाइल से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कर लेते थे।

पुलिस के अनुसार, 24-25 जून 2026 की रात पीड़ित ने थाना सेक्टर-63 में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन अज्ञात युवकों ने उसे बरौला जाने के बहाने टेम्पो में बैठाया। इसके बाद पर्थला पुल से सेक्टर-80 की सर्विस रोड पर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसका मोबाइल फोन और ₹1,000 नकद लूट लिया। आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल से ऑनलाइन भी रकम ट्रांसफर कर ली। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-63 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया।

लगातार की गई जांच, लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर मंगलवार को पुलिस ने बी-1 चौराहे के पास बंद पड़े पेट्रोल पंप की ओर जाने वाली सर्विस रोड से गिरोह के दो सदस्यों दानिश मलिक और चंदन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि चंदन पहले चाय की दुकान चलाता था, जबकि दानिश रात में ऑटो चलाता था। दोनों ने मिलकर आसान कमाई के लिए लूटपाट की योजना बनाई। वे नोएडा के अलग-अलग इलाकों से सवारी बैठाते, फिर उन्हें सुनसान स्थान पर ले जाकर मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे। इसके बाद पीड़ित को दूसरी जगह छोड़कर फरार हो जाते थे। लूट से मिली रकम आपस में बांट लेते थे।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक मोबाइल फोन, ₹2,250 नकद, एक अवैध चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो (UP16KT6155) बरामद किया है। ऑटो को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी चंदन शर्मा पर गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दानिश मलिक के खिलाफ भी लूट और चोरी से जुड़े मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और वारदातों के संबंध में भी जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में इस तरह की कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।