गौतमबुद्धनगर: विश्व युवा कौशल दिवस पर नोएडा में रोजगार मेले की सफलता, 437 युवाओं ने आजमाई किस्मत; 257 को मिला नौकरी का अवसर!!
दो टूक//नोएडा, 14 जुलाई। विश्व युवा कौशल दिवस (15 जुलाई) के उपलक्ष्य में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नोएडा में आयोजित जनपद स्तरीय रोजगार मेले में युवाओं का उत्साह देखने को मिला। मेले में जिले और आसपास के क्षेत्रों से आए 437 अभ्यर्थियों ने विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार पाने के लिए साक्षात्कार दिया, जिनमें से 257 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा चयन किया गया।
रोजगार मेले का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से अपने तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल को लगातार बेहतर बनाने का आह्वान करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
रोजगार मेले में 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई, जिसके बाद 257 युवाओं को रोजगार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नोएडा के प्रधानाचार्य अवनीन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि संस्थान केवल गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण ही नहीं देता, बल्कि प्रशिक्षुओं और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए भी लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है, ताकि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और उद्योगों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। इससे प्रशिक्षित युवाओं को सीधे कंपनियों तक पहुंचने का अवसर मिलता है और उद्योगों को भी कुशल मानव संसाधन उपलब्ध होता है।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, गौतमबुद्धनगर के जिला कौशल प्रबंधक रवि कुमार प्रजापति एवं पूनम सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर आयोजित यह रोजगार मेला जिले के युवाओं के लिए रोजगार की नई संभावनाएं लेकर आया। बड़ी संख्या में हुए चयन से यह स्पष्ट है कि कौशल आधारित प्रशिक्षण और उद्योगों के सहयोग से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।।
