गौतमबुद्धनगर: दादरी के सेंट हुड कॉन्वेंट स्कूल में किशोरियों को बताए गए संवैधानिक और विधिक अधिकार, जागरूकता कार्यक्रम में मिली सुरक्षा व शिक्षा की अहम जानकारी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 14 जुलाई। किशोरियों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को तहसील दादरी स्थित सेंट हुड कॉन्वेंट स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को संविधान प्रदत्त अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा, महिला संरक्षण कानूनों और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत ने की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को संवैधानिक अधिकार, मौलिक अधिकार, शिक्षा का अधिकार, सुरक्षा का अधिकार, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम तथा 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक किशोरी को अपने अधिकारों और कानूनों की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वह किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में निर्भीक होकर कानूनी सहायता प्राप्त कर सके।
इस अवसर पर छात्राओं को यह भी बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सेंट हुड कॉन्वेंट स्कूल के चेयरमैन संदीप शर्मा, प्रधानाचार्या डॉ. आशा शर्मा, विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के नामित पराविधिक स्वयंसेवक बालचंद नागर, रोहताश सिंह और सतपाल मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर अपने अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं से आह्वान किया गया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें और कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए संबंधित संस्थाओं से संपर्क करें। जागरूकता ही महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त एवं सुरक्षित बनाने की सबसे बड़ी कुंजी है।।
