गुरुवार, 30 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: दिनदहाड़े सरिया चोरी से मचा हड़कंप: CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस की सतर्कता पर सवाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दिनदहाड़े सरिया चोरी से मचा हड़कंप: CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस की सतर्कता पर सवाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-68 स्थित गढ़ी चौखंडी में दिनदहाड़े सरिया चोरी की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। बेखौफ चोर निर्माण स्थल से हजारों रुपये की सरिया चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पीड़ित के अनुसार चोरी हुई सरिया की कीमत करीब 20 से 25 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की पूरी वारदात स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर चोरी की यह वारदात हुई, वह पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी के नजदीक ही अपराधियों द्वारा बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना चिंता का विषय है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। उनका आरोप है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और वे दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। लोगों ने थाना फेस-3 पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।।