गुरुवार, 30 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में विदेशी ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़: 15 लाख की एमडीएमए, कैलिफोर्निया वीड और हशीश बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: नोएडा में विदेशी ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़: 15 लाख की एमडीएमए, कैलिफोर्निया वीड और हशीश बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र से चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के विदेशी और हाई प्रोफाइल नशीले पदार्थ, एक मोटरसाइकिल और ड्रग्स की तौल में इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी स्कूल, कॉलेज और विभिन्न हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों को विदेशी ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से विशेष अभियान चलाया। इस दौरान क्राउन एक्सपो से इंडिया एक्सपो मार्ट जाने वाले मार्ग पर बनी पुलिया के पास चार संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में विदेशी ड्रग्स बरामद हुई, जिसके बाद चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 50 ग्राम शिलॉन्ग गांजा, 70 ग्राम Champagne MD, 75 ग्राम OG (Original Grower California Weed), 144 एमडीएमए (Ecstasy) गोलियां, 63 ग्राम हशीश (HASH), घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP16DP2593) तथा एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है।
छात्रों को बनाया जा रहा था निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विदेशी ड्रग्स को स्कूल, कॉलेज और हॉस्टलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं तक पहुंचाते थे। एमडीएमए, कैलिफोर्निया वीड और अन्य नशीले पदार्थों को 3 से 4 हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचा जाता था। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसके तार एनसीआर के अन्य क्षेत्रों तक जुड़े हो सकते हैं। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान पुत्र सलीम खान, दीपक कुमार पुत्र मोहन, शिवम कुमार पुत्र महेशचंद और बौबी पुत्र महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। चारों गौतमबुद्धनगर और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास के साथ-साथ इनके संपर्क में रहे अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से बरामद इलेक्ट्रॉनिक कांटा इस बात का संकेत है कि ड्रग्स की पैकिंग और तौल का काम व्यवस्थित तरीके से किया जाता था। अब यह पता लगाया जा रहा है कि विदेशी ड्रग्स इनके पास कहां से आती थी, कौन लोग इसकी सप्लाई करते थे और अब तक कितने युवाओं तक यह नेटवर्क पहुंच चुका है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में मु0अ0सं0 177/2026 के तहत धारा 8/18/20/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और ऐसे गिरोहों का पूरी तरह सफाया करने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।