गुरुवार, 30 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: होटल खाली कराने की धमकी और मारपीट मामले में बड़ा एक्शन: जेवर पुलिस ने वांछित आरोपी को तमंचे समेत दबोचा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: होटल खाली कराने की धमकी और मारपीट मामले में बड़ा एक्शन: जेवर पुलिस ने वांछित आरोपी को तमंचे समेत दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//जेवर। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना जेवर पुलिस ने होटल खाली कराने की धमकी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने थाना जेवर में तहरीर देकर बताया था कि 24 मई 2026 की रात आरोपी शेखर जादौन अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और होटल खाली करने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि अगले ही दिन 25 मई 2026 को आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा पीड़ित के घर पहुंचा, जहां उसने पीड़ित और उसके परिजनों के साथ मारपीट की तथा गाली-गलौज कर माहौल बिगाड़ दिया।

पीड़ित की शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर थाना जेवर में मुकदमा संख्या 185/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी क्रम में गुरुवार 30 जुलाई 2026 को थाना जेवर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी शेखर पुत्र श्यौराज जादौन, निवासी कस्बा जहांगीरपुर, थाना जेवर, जनपद गौतमबुद्धनगर को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस ने बरामद अवैध हथियार के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं को भी मुकदमे में शामिल किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अवैध हथियार रखने और लोगों को धमकाकर भय का माहौल बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।