गोण्डा- इटियाथोक क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग के लिये चल रहा धरना गुरुवार रात्रि में खत्म हुवा। तहसीलदार मनीष कुमार वर्मा ने धरना स्थल पर पहुंचकर जल्द से जल्द रोड पर काम शुरू होने का आश्वासन दिया और धरना/अनशन खत्म कराया। इस दौरान उन्होंने अनशन पर बैठे युवानेता अवधेश तिवारी की डीएम से फोन पर बात करवाई। जल्द ही सड़क निर्माण शुरू किये जाने का डीएम ने आश्वासन दिया और वार्ता के बाद धरना को खत्म कराया गया। तहसीलदार के साथ मौजूद रहे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री आशीष त्रिपाठी ने अवधेश तिवारी को जूस पिलाकर भूख हड़ताल को खत्म कराया। मौके पर इटियाथोक भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष चौरसिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र के विशुनपुर तिवारी पंचायत के पांचूपुरवा मजरे में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बीते मंगलवार से अनशन शुरू किया था। कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे युवा नेता/समाजसेवी अवधेश तिवारी उर्फ बजरंगी की मांग थी कि जबतक कोई जिम्मेदार आकर सड़क निर्माण जल्द कराने का आस्वाशन नही देगा तबतक यह धरना जारी रहेगा।
उन्होंने अपनी इसी मांग को लेकर भूख हड़ताल भी शुरू कर दी थी।
दरअसल, लखनीपुर चौराहा से पांचूपुरवा होते हुए विशुनपुर तिवारी को जाने वाला करीब तीन किलोमीटर लंबा यह मार्ग पूरी तरह से कच्चा है और रास्ते की स्थित काफी खराब है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में करीब 4 से 5 माह तक इसपर हर तरफ कीचड़ व गंदा पानी जमा रहता है। मरीजो व गर्भवती महिलाओ को चारपाई पर लिटाकर अस्पताल भेजा जाता है और बच्चे कई माह तक स्कूल नही जा पाते है। बरसात में ग्रामीणों का साइकिल या बाइक से गांव से बाहर निकलना मुश्किल रहता है। कच्ची सड़क से लखनीपुर चौराहा, विशुनपुर तिवारी, सरकांड, पंडितपुरवा, मकदूम पुरवा, निसारूपुर, जगतापुर, जोकाही, कळेना सहित 20 गांवों के करीब 5 हजार लोग आते जाते है जिनको सबसे अधिक समस्या बरसात में होती है। ग्रामीणों का दावा है कि सड़क की बदहाली के कारण कई लड़कियों की शादी भी तय होने के बाद टूट चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए कई बार मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।।
