शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: जेवर पुलिस के हत्थे चढ़ा वांछित आरोपी, अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद; मारपीट के मामले में लंबे समय से था फरार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जेवर पुलिस के हत्थे चढ़ा वांछित आरोपी, अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद; मारपीट के मामले में लंबे समय से था फरार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना जेवर पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को पीड़ित द्वारा थाना जेवर में दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने उसके घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना जेवर में मुकदमा संख्या 185/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया, जिसके आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) भी बढ़ाई गई।

पुलिस टीम ने 31 जुलाई 2026 को कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित आरोपी केशव राणा पुत्र हरेंद्र पाल सिंह, निवासी ग्राम मंशागढ़ी नगलिया, खुर्जा देहात, जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा .32 बोर कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ और रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ थाना ककोड़, बुलंदशहर में वर्ष 2025 में भी मारपीट और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। वर्तमान मामले में भी अवैध हथियार की बरामदगी के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ा दी गई हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।।