शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: भूमिका निभाएंगे युवा, नशे के खिलाफ बजेगी जागरूकता की घंटी: 7 अगस्त को शारदा विश्वविद्यालय में होगी रचनात्मक प्रतियोगिताओं की श्रृंखला!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: भूमिका निभाएंगे युवा, नशे के खिलाफ बजेगी जागरूकता की घंटी: 7 अगस्त को शारदा विश्वविद्यालय में होगी रचनात्मक प्रतियोगिताओं की श्रृंखला!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। देश को नशा मुक्त बनाने और युवाओं को सामाजिक परिवर्तन का सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित MY Bharat द्वारा "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान के तहत 7 अगस्त 2026 को ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर भी मिलेगा।

MY Bharat के डिप्टी डायरेक्टर शिवेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में वाद-विवाद एवं भाषण (Youth Dialogue for Change), स्लोगन लेखन (Words for Change), चित्रकला (Colours for Change), विषय आधारित नृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं मूक अभिनय, काव्य प्रस्तुति (Voices for Change), संगीत एवं रैप तथा रील निर्माण एवं लघु फिल्म प्रतियोगिता शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए समाज में नशा मुक्ति का संदेश देंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पहले राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक युवा MY Bharat पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 2 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" अभियान का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। इस दौरान देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों से करीब एक करोड़ युवा नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री युवाओं से संवाद भी करेंगे तथा नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति निरंतर जन-जागरूकता और युवा सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 100 सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी रविवार अभियान की भी शुरुआत करेंगे।

इस व्यापक जन-अभियान में विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, MY Bharat स्वयंसेवक, एनसीसी, एनएसएस, सामुदायिक संगठन (CBOs) तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाएं सक्रिय भूमिका निभाएंगी। अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि युवाओं को सामाजिक बदलाव का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित करना भी है।

MY Bharat, गौतमबुद्धनगर ने जिले के सभी युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान एवं प्रतियोगिताओं में भाग लें और नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।।