गौतमबुद्धनगर//21.2 किलो गांजा बरामद: पुलिस रिमांड में आई महिला तस्कर की निशानदेही पर फेस-1 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 से 4 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त !!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना फेस-1 पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कस्टडी रिमांड पर लाई गई महिला अभियुक्ता की निशानदेही पर 21 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर पहले से दर्ज मुकदमे में एनडीपीएस एक्ट की एक और धारा बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना फेस-1 पर दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित चल रही अभियुक्ता नूरी पत्नी साजिद ने 23 जुलाई 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद न्यायालय से स्वीकृत पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-9 स्थित बी-25 के पास गली के अंदर बने एक खंडहरनुमा झुग्गी-झोपड़ी में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां छिपाकर रखा गया 21 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, बरामदगी के आधार पर पहले से दर्ज मुकदमा संख्या 376/2026 में धारा 20 एनडीपीएस एक्ट की भी बढ़ोतरी कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था, किन-किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
