रविवार, 12 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: रंजिश में रास्ता रोककर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार व तमंचा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रंजिश में रास्ता रोककर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार व तमंचा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//दनकौर। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते रास्ता रोककर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार बरामद करने के साथ उसकी निशानदेही पर एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को थाना दनकौर में पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका विशाल नामक व्यक्ति से पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 10 जुलाई की शाम जब वह नोएडा से अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में विशाल ने अपने मामा हरेन्द्र और अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। शिकायत मिलते ही थाना दनकौर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने वांछित आरोपी हरेन्द्र पुत्र बचन सिंह, निवासी ग्राम पारसौल, थाना दनकौर, को बुलंदशहर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल के निकट से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार (UP16DC2851) बरामद की। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की उम्र लगभग 39 वर्ष है। उसके खिलाफ थाना दनकौर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।।