रविवार, 12 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध तमंचा और चाकू के साथ दो युवक गिरफ्तार, पैरीफेरल अंडरपास के पास दबोचे गए!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध तमंचा और चाकू के साथ दो युवक गिरफ्तार, पैरीफेरल अंडरपास के पास दबोचे गए!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की दादरी थाना पुलिस ने अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार रविवार, 12 जुलाई 2026 को थाना दादरी पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पैरीफेरल अंडरपास के समीप चिटहैरा नहर के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान सुभाष पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम जिटोली, थाना निधोली कलां, जनपद एटा तथा विजय कुमार पुत्र रामनिवास, निवासी नगला भजन, थाना एका, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान सुभाष के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जबकि विजय कुमार के पास से एक अवैध चाकू मिला। बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना दादरी में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले से भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। आरोपी सुभाष के खिलाफ एटा जिले में लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं, जबकि विजय कुमार पर फिरोजाबाद में आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाई गई है और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।